बासी खाना कब बनता है उल्टी, दस्त, पेट दर्द की वजह; डॉ. ने बताया बच गया खाना तो फिर कैसे खाएं उसे

 

हर घर में कभी न कभी खाना बच ही जाता है और ज्यादातर लोग इसे दोबारा इस्तेमाल भी करते हैं। बचा हुआ या बासी खाना खाने में कोई दिक्कत नहीं। लेकिन उसे अगर सही समय और सही तरीके से न खाया जाए तो उल्टी, दस्त, पेट दर्द जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इससे बचने के लिए यह जानना जरूरी है कि बचे हुए भोजन का इस्तेमाल कैसे किया जाए।

पेट में इन्फेक्शन क्यों होता है (सांकेतिक तस्वीर)
पेट में इन्फेक्शन क्यों होता है (सांकेतिक तस्वीर)
गर्मी के मौसम में तापमान बहुत बढ़ जाता है। इस मौसम में खाने-पीने की चीजें जल्दी खराब हो जाती हैं। गर्म और नमी वाले मौसम में बैक्टीरिया तेजी से बढ़ते हैं। यही कारण है कि गर्मियों में पेट के इन्फेक्शन के मामले अधिक देखने को मिलते हैं।

गर्मियों के दिनों में जो लोग बासी, गंदा या सही तरीके से न रखे गए भोजन का सेवन करते हैं, तो उन्हें उल्टी, दस्त और पेट दर्द जैसी समस्याएं हो सकती हैं। छोटे बच्चे, बुजुर्ग और कमजोर शरीर वाले लोगों के लिए यह समस्या ज्यादा खतरनाक हो सकती है।



कई घरों में दिन का बना खाना रात में भी इस्तेमाल किया जाता है। ऐसा करने में कोई बुराई नहीं है, लेकिन दिन के बचे हुए खाने का इस्तेमाल कैसे करना है इसकी जानकारी होना जरूरी है। इस लेख में हम बचे हुए बासी भोजन से होने वाले नुकसान और उसके सही इस्तेमाल का तरीका बता रहे हैं।


बासी भोजन के नुकसान
गर्मी के मौसम में भोजन जल्दी खराब हो जाता है, क्योंकि गर्म तापमान में बैक्टीरिया तेजी से बढ़ते हैं। मिल्क प्रोडक्टस, पका हुआ चावल, सलाद, चिकन, फिश और स्ट्रीट फूड जैसे जल्दी खराब होने वाले फूड को अगर फ्रिज में न रखा जाए, तो लंबे समय तक बाहर रखने पर इनका सेवन हानिकारक हो सकता है।



कई बार भोजन देखने और सूंघने में ठीक लगता है, लेकिन उसमें हानिकारक बैक्टीरिया मौजूद होते हैं। इसलिए लोग बिना जाने खराब भोजन खा लेते हैं और बीमार पड़ जाते हैं। गर्मी में साल्मोनेला, ई. कोलाई और स्टैफिलोकोकस जैसे बैक्टीरिया भोजन को दूषित कर सकते हैं।

कई लोग बचा हुआ खाना बिना सही तरीके से गर्म किए खा लेते हैं। कुछ लोग रात का खाना सुबह या दोपहर में बिना फ्रिज में रखे खा लेते हैं, जिससे इन्फेक्शन का खतरा बढ़ जाता है। सिर्फ दोबारा गर्म करने से हर बार बैक्टीरिया के विषैले तत्व खत्म नहीं होते।




पेट में इन्फेक्शन के लक्षण

बासी खाना कितना हानिकारक (सांकेतिक तस्वीर)<br>
बासी खाना कितना हानिकारक (सांकेतिक तस्वीर)

गर्मी के मौसम में बासी और दूषित भोजन के सेवन से पेट में इन्फेक्शन हो सकता है। गंभीर मामलों में रोगी को लगातार उल्टी, मल में खून, डिहाइड्रेशन, चक्कर आना या बेहोशी हो सकती है। आमतौर पर पेट में इन्फेक्शन के निम्नलिखित लक्षण नजर आते हैं-

  • मतली-उल्टी
  • दस्त
  • पेट में ऐंठन
  • पेट दर्द
  • बुखार
  • कमजोरी-थकान
  • भूख न लगना
  • डिहाइड्रेशन
  • सिरदर्द

स्ट्रीट फूड खाना कितना हानिकारक
गर्मियों में सड़क किनारे मिलने वाला खुला खाना भी जोखिम भरा हो सकता है। कटे हुए फल, चाट, गोलगप्पे और अन्य स्ट्रीट फूड धूल, मक्खियों और गंदे पानी के कारण दूषित हो सकते हैं। तेज गर्मी में खुले में रखा भोजन जल्दी खराब हो जाता है इसलिए इस मौसम में बाहर का खाना खाते समय बहुत सावधानी बरतनी चाहिए।




शरीर को डिहाइड्रेशन से बचाएं
गर्मियों में पेट में इन्फेक्शन या फूड पॉइजनिंग की सबसे बड़ी समस्या डिहाइड्रेशन यानी शरीर में पानी की कमी है। बार-बार उल्टी और दस्त होने से शरीर में पानी की कमी हो जाती है। इससे कमजोरी, मुंह सूखना, चक्कर आना और लो ब्लड प्रेशर जैसी समस्याएं हो सकती हैं। छोटे बच्चों और बुजुर्गों में डिहाइड्रेशन की स्थिति जल्दी गंभीर हो सकती है। कई लोग शुरुआती लक्षणों को हल्के में लेते हैं, जिसके कारण बीमारी और बढ़ सकती है।

अगर किसी व्यक्ति को लगातार उल्टी, दस्त, पेट में दर्द या तेज बुखार हो तो उसका तुरंत इलाज कराना चाहिए। मरीज को पर्याप्त मात्रा में पानी पिलाएं। ओरल रिहाइड्रेशन सॉल्यूशन यानी ओआरएस, नारियल पानी और नींबू पानी शरीर में पानी की कमी को पूरा करने में मदद करते हैं। ऐसी स्थिति में आराम करना भी जरूरी होता है।




बचे हुए भोजन का इस्तेमाल कैसे करें ?

बासी खाना कैसे स्टोर करें (सांकेतिक तस्वीर)<br>
बासी खाना कैसे स्टोर करें (सांकेतिक तस्वीर)

कई लोग पैसे बचाने के लिए खराब भोजन का सेवन कर लेते हैं, लेकिन इससे स्वास्थ्य को बड़ा नुकसान हो सकता है। गर्मियों में हल्का और ताजा भोजन खाना सबसे सुरक्षित माना जाता है।

बहुत ज्यादा ऑयली, मसालेदार और प्रोसेस्ड फूड पाचन को खराब कर सकते हैं और पेट की परेशानी बढ़ा सकते हैं। गर्मियों में पेट के इन्फेक्शन के जोखिम को कम करने के लिए नीचे दिए गए उपाय अपनाए जा सकते हैं-



  • लंबे समय तक बाहर रखा हुआ बासी या बचा हुआ खाना खाने से बचें।
  • पका हुआ भोजन तुरंत फ्रिज में रखें। ताकि अगर ये बचा भी हो तो ठंडक के कारण खराब नहीं होगा। जिससे इसे फिर से खाया जा सकता है।
  • फलों और सब्जियों को खाने से पहले अच्छी तरह धो लें।
  • साफ और सुरक्षित पानी पिएं।
  • सड़क किनारे मिलने वाले कटे हुए फल और बिना ढके भोजन के सेवन से बचें।
  • भोजन करने से पहले हाथों को अच्छी तरह धोएं।
  • किचन की सफाई और खाने की चीजों के स्टोरेज का ध्यान रखें।
  • असामान्य गंध या स्वाद वाले भोजन का सेवन करने से बचें।

गर्मियों में सही खान-पान सबसे जरूरी
गर्मियों में शरीर को हाइड्रेट रखना बहुत जरूरी है। दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पीना चाहिए। घर से बाहर निकलते समय पानी की बोतल साथ रख लें। ज्यादा देर तक भूखे रहने से भी कमजोरी हो सकती है। इसलिए समय पर हल्का और पौष्टिक भोजन करें। गर्मियों में सावधानी ही सबसे बड़ा बचाव है। सही खान-पान और सफाई का ध्यान रखकर गर्मियों में होने वाली कई बीमारियों से बचा जा सकता है।

Comments