सॉफ्ट और स्पंजी खमन ढोकला बनाने का सही तरीका क्या है? रसोई से मिली आसान रेसिपी, लाल नहीं होगा ढोकला

 

लोगों की यह शिकायत होती है कि घर पर बना ढोकला बाजार जैसा जालीदार नहीं बनता या फिर हल्दी की वजह से उसका रंग लाल हो जाता है। अगर आपके साथ भी ऐसा होता है, तो अब परेशान न हों। सोशल मीडिया पर SV पवार की रसोई से मिली रेसिपी बहुत काम आएगी।

secret to make soft and spongy Khaman Dhokla

खमन ढोकला एक ऐसा मशहूर गुजराती नाश्ता है, जिसे बच्चे हों या बड़े, सभी बड़े चाव से खाते हैं। लेकिन घर पर ढोकला बनाते समय अक्सर यह समस्या आती है कि वह बाजार जैसा जालीदार नहीं बनता या फिर सोडा और हल्दी के रिएक्शन के कारण उसका रंग अजीब सा लाल हो जाता है। अगर आप भी इसी परेशानी से जूझ रहे हैं, तो यह रेसिपी आपके लिए ही है।


सोशल मीडिया पर SP पवार ने परफेक्ट ढोकला बनाने का सीक्रेट तरीका बताया है। जिससे आपका ढोकला न केवल रुई जैसा नरम बनेगा, बल्कि उसका रंग भी एकदम खिला हुआ पीला रहेगा। आसान सामग्री और कुछ खास 'प्रो-टिप्स' के साथ, अब आप भी मिनटों में घर पर परफेक्ट ढोकला तैयार कर सकते हैं।

आवश्यक सामग्री

आवश्यक सामग्री
  • बेसन: 2 कप (बारीक पिसा हुआ)
  • दही: 1/2 कप (ताजा और हल्का खट्टा)
  • पानी: 1 कप (जरूरत अनुसार)
  • तेल: 2 बड़े चम्मच (सॉफ्टनेस के लिए)
  • बेकिंग पाउडर: 1/4 छोटा चम्मच
  • इनो (Eno): 1 पूरा पैकेट


खास घोल (ढोकले को लाल होने से बचाने के लिए)


  • हल्दी: 1/2 छोटा चम्मच
  • चीनी: 1 बड़ा चम्मच
  • पानी: 2 बड़े चम्मच
  • तड़के और मिठास के लिए:
  • तेल, राई (सरसों), कढ़ी पत्ता, हरी मिर्च।
  • नमक, चीनी, नींबू का रस और पानी।

ढोकला लाल न हो, इसके लिए खास ट्रिक

ढोकला लाल न हो, इसके लिए खास ट्रिक

ज्यादातर लोग बेसन के सूखे मिश्रण में ही हल्दी डाल देते हैं, जिससे सोडा या इनो के साथ रिएक्ट करके ढोकला लाल हो जाता है। इससे बचने के लिए एक छोटी कटोरी में 2 चम्मच पानी लें, उसमें चीनी और हल्दी डालें। इसे तब तक घोलें जब तक चीनी पूरी तरह मिल न जाए। इस हल्दी वाले पानी को बैटर में डालने से ढोकले का रंग एकदम खिला हुआ पीला आता है।

परफेक्ट बैटर तैयार करना

परफेक्ट बैटर तैयार करना

एक बड़े बर्तन में 2 कप बेसन छान लें। अब इसमें दही, तेल और तैयार किया हुआ हल्दी-चीनी वाला पानी डालें। थोड़ा-थोड़ा करके 1 कप पानी मिलाएं और एक ही डायरेक्शन में फेंटते हुए गाढ़ा घोल तैयार करें। तेल डालने से ढोकला अंदर से सूखता नहीं है और गले में नहीं फंसता। स्टीम करने के लिए ढोकला स्टैंड या किसी गहरे बर्तन में पानी गरम होने के लिए रख दें। जिस प्लेट या टिन में ढोकला बनाना है, उसे तेल लगाकर चिकना करें।

फर्मेंटेशन और स्टीमिंग

फर्मेंटेशन और स्टीमिंग

जब पानी उबलने लगे, तब बेसन के घोल में बेकिंग पाउडर और इनो डालें। इसके ऊपर एक चम्मच पानी डालें ताकि इनो एक्टिवेट हो जाए। इसे हल्के हाथों से मिलाएं और तुरंत ग्रीस की हुई प्लेट में डाल दें। अब इसे मध्यम आंच पर 15-20 मिनट के लिए स्टीम करें।

चटपटा तड़का पानी

चटपटा तड़का पानी

ढोकले को जूसी बनाने के लिए एक पैन में पानी लें। इसमें नमक, चीनी और नींबू का रस डालकर एक उबाल आने दें। दूसरी तरफ एक छोटे पैन में तेल गरम करें, उसमें राई, कढ़ी पत्ता और बीच से कटी हरी मिर्च का तड़का लगाएं। इस तड़के को उबलते हुए पानी में डाल दें।

कब निकालें ढोकला?

कब निकालें ढोकला?

यह इस रेसिपी का सबसे जरूरी हिस्सा है। ढिकला पकने के बाद उसे तुरंत बर्तन से बाहर न निकालें। इसे पूरी तरह ठंडा होने दें। अगर आप गरम-गरम ढोकला निकालने की कोशिश करेंगे, तो वह टूट सकता है।जब यह पूरी तरह ठंडा हो जाए, तब किनारों से चाकू घुमाकर इसे बाहर निकालें और मनचाहे टुकड़ों में काट लें।

सर्व करने का तरीका

सर्व करने का तरीका

कटे हुए ढोकले के ऊपर तैयार किया हुआ 'तड़का पानी' डालें। ध्यान रहे कि पानी हल्का गुनगुना होना चाहिए ताकि ढोकला उसे अच्छे से सोख ले। अंत में बारीक कटे हरे धनिए और कद्दूकस किए हुए नारियल से सजाकर इसे हरी चटनी के साथ सर्व करें।

Comments