जब बात बंगाल की मिठाइयों की होती है, तो 'संदेश' का नाम सबसे पहले आता है। अक्सर लोग सोचते हैं कि इसे बनाना बहुत मुश्किल है, लेकिन मशहूर कुक नेहा कुमारी ने संदेश बनाने की दो ऐसी आसान रेसिपी साझा की हैं, जिन्हें कोई भी अपनी रसोई में मिनटों में तैयार कर सकता है।

पहली रेसिपी में खजूर के गुड़ का देसी स्वाद है, तो दूसरी रेसिपी में कंडेंस्ड मिल्क की मखमली मिठास। इन दोनों ही तरीकों में पनीर का मुख्य रूप से इस्तेमाल किया गया है, जो इसे प्रोटीन से भरपूर बनाता है। तो चलिए बताते हैं आपको कैसे बिना किसी खास मेहनत के बंगाल के असली संदेश अपनी रसोई में तैयार कर सकते हैं।
पनीर का स्मूथ पेस्ट तैयार करना
संदेश बनाने का सबसे पहला और जरूरी काम पनीर का टेक्सचर है। दोनों ही रेसिपी के लिए सबसे पहले 200 ग्राम ताजा पनीर लें और उसे छोटे टुकड़ों में काट लें। अब इसमें बिल्कुल थोड़ा सा दूध मिलाएं और मिक्सी में चलाकर एक एकदम चिकना पेस्ट तैयार कर लें। ध्यान रहे कि पेस्ट में पनीर के दाने न रहें, तभी संदेश बाजार जैसा मुलायम बनेगा।
नोलन गुड़ संदेश की रेसिपी
सर्दियों में बंगाल में मिलने वाला नोलन गुड़ यानी कि खजूर का गुड़ संदेश के स्वाद को दोगुना कर देता है। तैयार पनीर पेस्ट को एक पैन में डालें और हल्का गर्म करें। अब इसमें 1/3 कप लिक्विड पाम जैगरी डालें। इसे धीमी आंच पर तब तक पकाएं जब तक कि मिश्रण गाढ़ा न हो जाए और पैन के किनारों को छोड़ने न लगे। आखिरी में आधा चम्मच इलायची पाउडर डालकर मिलाएं।
कंडेंस्ड मिल्क वाली रेसिपी
अगर आपके पास गुड़ नहीं है, तो आप कंडेंस्ड मिल्क का इस्तेमाल कर सकते हैं। यह तरीका उन लोगों के लिए बेस्ट है जिन्हें क्रीमी मिठाई पसंद है। पनीर पेस्ट को एक मिनट तक पकाने के बाद, इसमें 1/3 कप कंडेंस्ड मिल्क मिलाएं। इसे भी तब तक चलाएं जब तक यह मिश्रण गाढ़ा होकर एक डो की तरह न बन जाए। इसमें भी इलायची पाउडर मिलाकर गैस बंद कर दें।
ठंडा करना और हाथों से मसलना
मिठाई को सही शेप देने के लिए उसे थोड़ा ठंडा करना और सही तापमान पर लाना जरूरी है। जब मिश्रण पैन छोड़ दे, तो इसे एक प्लेट में निकाल लें। जब यह हल्का गुनगुना हो जाए, तो इसे अपनी हथेलियों से अच्छी तरह मसलें। ऐसा करने से मिश्रण में चिकनाई आती है और संदेश खाते समय मुंह में घुलने वाला बनता है।
मोल्ड से देना खूबसूरत आकार
संदेश को उसकी असली पहचान उसके सुंदर आकार से मिलती है। लकड़ी या प्लास्टिक के संदेश मोल्ड को थोड़े से घी से ग्रीस करें। अब तैयार मिश्रण की एक छोटी लोई लेकर मोल्ड में रखें। इसे दबाकर सेट करें और ऊपर से एक्स्ट्रा मिश्रण हटा दें। सांचे को खोलते ही आपको बेहतरीन डिजाइन वाला संदेश मिल जाएगा।
2 तरह से संदेश बनाने के तरीके
स्टफिंग का ट्विस्ट
नेहा कुमारी ने संदेश को और भी खास बनाने के लिए एक सरप्राइज एलिमेंट बताया है। अगर आप गुड़ वाला संदेश बना रहे हैं, तो मोल्ड में मिश्रण भरते समय बीच में थोड़ा सा लिक्विड गुड़ भर दें। जब आप इसे खाएंगे, तो बीच से निकलने वाला गुड़ का फ्लेवर बहुत ही शानदार लगेगा। इस तरह आप अपनी पसंद के हिसाब से संदेश बना सकते हैं।
Comments
Post a Comment