Kia Seltos Hybrid भारत में कब होगी लॉन्च? मारुति विक्टोरिस और टोयोटा हायराइडर जैसी हाइब्रिड गाड़ियों को देगी टक्कर
Kia Seltos Hybrid India Launch: किआ ने अपनी पॉपुलर एसयूवी सेल्टोस का हाइब्रिड मॉडल न्यूयॉर्क इंटरनेशनल ऑटो शो 2026 में पेश कर दिया है। उम्मीद की जा रही है कि यह कार 30 किलोमीटर प्रति लीटर से ज्यादा का माइलेज देगी। भारत में यह कार मारुति विक्टोरिस और टोयोटा हायराइडर जैसी गाड़ियों को टक्कर देगी। लेकिन, भारत में यह कार कब तक लॉन्च होगी, आइए आपको इसके बारे में बताते हैं।

साइज में बड़ी और ज्यादा जगह
सेल्टोस का हाइब्रिड मॉडल ज्यादा आरामदायक और हाई-टेक फीचर्स से लैस है। इसमें कंफर्ट पर खास ध्या दिया गया है। कार का केबिन काफी स्पेशियस है, जिससे कार के अंदर बैठने वाले लोगों को ज्यादा जगह मिलेगी। किआ का दावा है कि इसमें अपनी कैटेगरी में सबसे बेहतरीन रियर लेगरूम (पीछे बैठने वालों के लिए पैरों की जगह) मिलेगा। सामान रखने के लिए कार की डिग्गी में भी काफी जगह मिलेगी।
लग्जरी इंटीरियर
सेल्टोस हाइब्रिड का इंटीरियर भी काफी लग्जरी है। कार के डैशबोर्ड पर लगभग 30 इंच का डिजिटल डिस्प्ले एरिया दिया गया है, जिसमें दो बड़ी 12.3-इंच की स्क्रीन शामिल हैं। इसमें आप यूट्यूब और नेटफ्लिक्स जैसे ऐप्स भी चला सकेंगे। साथ ही सॉफ्टवेयर को घर बैठे अपडेट (OTA) किया जा सकेगा। अन्य फीचर्स की बात करें तो कार में पैनोरमिक सनरूफ, वेंटिलेटेड सीट्स, 360-डिग्री कैमरा और ब्लाइंड-स्पॉट मॉनिटर जैसे प्रीमियम फीचर्स इसमें दिए गए हैं।
सुरक्षा का पूरा ध्यान
सेल्टोस हाइब्रिड में सुरक्षा का भी पूरा ख्याल रखा गया है। सेफ्टी के लिए इसमें ADAS (एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम) दिया गया है, जिसमें फॉरवर्ड कॉलिजन अवॉइडैंस असिस्ट, स्मार्ट क्रूज कंट्रोल, लेन कीपिंग असिस्ट और पार्किंग डिस्टैंस वॉर्निंग जैसे फीचर्स शामिल हैं।
भारत में कब होगी लॉन्च?
सेल्टोस हाइब्रिड को न्यूयॉर्क इंटरनेशनल ऑटो शो 2026 में पेश किया गया है। माना जा रहा है कि आने वाले महीनों में अमेरिका में इसकी बिक्री शुरू हो जाएगी। हालांकि, भारत में कब तक आएगी, इसके बारे में अभी कोई जानकारी नहीं मिली है। लेकिन, उम्मीद है कि यह अगले साल तक भारत में लॉन्च हो सकती है।
खासियतें भी जान लें...
खासियतों की बात करें तो सेल्टोस हाइब्रिड के ग्लोबल मॉडल में 1.6-लीटर के पेट्रोल इंजन के साथ इलेक्ट्रिक मोटर भी दी गई है। यह मॉडल 141 hp की पावर और 265 Nm का जबरदस्त टॉर्क देगा। इसमें 6 स्पीड डुअल-क्लच ऑटोमैटिक गियरबॉक्स दिया गया है। खास बात यह है कि इसमें इलेक्ट्रिक ऑल-व्हील ड्राइव (e-AWD) सिस्टम भी दिया गया है। उम्मीद की जा रही है कि यह कार 30 किलोमीटर प्रति लीटर से ज्यादा का माइलेज देगी। भारत में यह कार मारुति सुजुकी विक्टोरिस और टोयोटा हाइराइडर जैसी गाड़ियों को टक्कर देगी।
Comments
Post a Comment