क्या हेयर ऑयल सच में बालों को लंबा करने में मदद करता है? डर्मेटोलॉजिस्ट से जानें सच, समझें पूरा साइंस

 

हेयर ऑयलिंग से बालों की कंडीशनिंग और स्कैल्प केयर होती है, जो बालों के लिए तो काफी है, लेकिन बालों की ग्रोथ के लिए नहीं। क्योंकि बालों की ग्रोथ का सीधा कनेक्शन स्कैल्प में मौजूद हेयर फॉलिकल्स से है, जहां तक तेल पहुंचता ही नहीं है। इसे समझाने के लिए डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. विजय सिंघल ने अपनी राय दी है।

Hair Oiling
बालों की ग्रोथ बढ़ाने में हेयर ऑयल का रोल(फोटो- iStock)
मेरे पास आने वाले ज्यादातर लोग बालों के झड़ने, गंजेपन और हेयर ग्रोथ ना होने का जिक्र करते हैं। इनमें से कई इन समस्याओं से जूझने के लिए हेयर ऑयल पर निर्भर रहते हैं, लेकिन सच तो ये है कि बालों के उगने और बढ़ने का तेल लगाने से कोई कनेक्शन नहीं है।

बालों से जुड़ी समस्या के लिए मौसम, हार्मोनल बैलेंस, जेनेटिक्स, शरीर को मिलने वाला पोषण और स्कैल्प में ब्लड सर्कुलेशन जैसे फैक्टर जिम्मेदार होते हैं। मैं एक डर्मेटोलॉजिस्ट के तौर पर बाल बढ़ाने के लिए सबसे पहले स्कैल्प को सही पोषण देने और हार्मोनल बैलेंस सही करने की सलाह देता हूं। इससे बालों की जड़ों में मौजूद हेयर फॉलिकल्स एक्टिव करना आसान होता है, जो बालों को सही तरीके से बढ़ाने में मदद करते हैं।

क्या हेयर ऑयल ग्रोथ बढ़ा सकता है?

बालों में तेल लगाना एक ट्रेडीशनल एक्टीविटी है। इसका हेयर ग्रोथ से कोई ताल्लुक नहीं है, ना ही ये सीधे तौर पर बालों की ग्रोथ बढ़ाता है। लेकिन ये स्कैल्प को हेल्दी रखने और बालों को टूटने से बचाकर ऐसा वातावरण तैयार करता है, जिसमें बालों की ग्रोथ बेहतर तरीके से हो सके।

तेल स्कैल्प की ऊपरी परत पर ही रहता है। इससे न हेयर फॉलिकल्स एक्टिव होते हैं और न ही हार्मोन्स पर कोई असर पड़ता है। हेयर ऑयलिंग से बालों की बेसिक प्रॉबलम को दूर करने में मदद मिल सकती है, लेकिन हेयर ग्रोथ में नहीं।

Hair Oiling
बेसिक हेयर प्रॉब्लम्स को ठीक करने में मदद करता है तेल


तो क्या हेयर ऑयलिंग का कोई फायदा नहीं?

हेयर ऑयल को बाल उगाने वाले जादुई तेल की तरह नहीं देखना चाहिए। इसके असली फायदे बालों को पोषण देने, बालों की सुरक्षा और देखभाल करने से जुड़े होते हैं। हेयर ऑयलिंग से स्कैल्प पर एक प्रोटेक्टिव लेयर बन जाती है जो धूप, प्रदूषण और हीट से होने वाले नुकसान से बचाने में हेल्प करती है।

  • तेल लगाने से स्कैल्प को मॉइश्चर और हाइड्रेशन मिल जाता है, जिससे ड्राईनेस, खुजली, जलन और फ्लेकिंग जैसी प्रॉबलम कम होती हैं।
  • नियमित हेयर ऑयलिंग के साथ हल्की मालिश करने से बालों में ब्लड सर्कुलेशन बेहतर हो जाता है, जिससे बालों को मजबूत मिलती है।
  • तेल से बालों के टूटने और दो-मुंहे बालों की समस्या को कंट्रोल किया जा सकता है। इससे बाल सॉफ्ट, स्ट्रांग और चमकदार दिखते हैं।
  • यदि हेयर ऑयल को सही तरीके से इस्तेमाल किया जाए तो बालों की क्वालिटी को भी सुधार सकते हैं। इससे बालों की ग्रोथ को अप्रत्यक्ष सपोर्ट मिलता है।


हेयर ग्रोथ को सपोर्ट करेंगे ये बेसिक ऑयल

मार्केट में उपलब्ध कई तेल कुछ ही दिनों में नए बाल उगाने का दावा करते हैं, जो कि गलत है। कोई भी तेल मैजिक ग्रोथ ट्रीटमेंट नहीं देता और ना ही सीधे तौर पर बालों को लंबा करता है, बल्कि स्कैल्प को पोषण देकर, बालों के टूटने से रोककर, बालों की मजबूत बनाता है. इससे हेयर ग्रोथ को सपोर्ट जरूर मिल जाता हैं।

नारियल तेल- ये बालों के अंदर तक जाकर प्रोटीन लॉस कम करता है। इससे आपके बाल कम टूटते हैं।

अरंडी का तेल- ये बालों पर प्रोटेक्टिव लेयर बनाकर मॉइस्चर लॉक करता है, जिससे बालों का बीच से टूटना बंद होता है। इससे स्कैल्प भी हाइड्रेट रहती है।

बादाम तेल- ये विटामिन-ई और फैटी एसिड्स से भरपूर होता है। इससे बाल नरम और मजबूत बनते हैं।

रोजमेरी ऑयल- इससे बालों में ब्लड सर्कुलेशन बढ़ाकर हेयर ग्रोथ फेज बढ़ता है, जिससे हेयर केयर में हेल्प मिलती है।

अन्य तेल- तिल और आंवला तेल जैसे ऑप्शन स्कैल्प को पोषण और एंटीऑक्सीडेंट्स का सपोर्ट देते हैं, जो क्वालिटी को सुधारने में मददगार हैं।

Hair Oiling
स्कैल्प पर हल्की मसाज करने से तेल बालों तक फैल जाता है


बालों में तेल लगाने का सही तरीका

बालों को पोषण और स्कैल्प को हेल्दी रखने के लिए सही तरीके से ऑयलिंग करना भी जरूरी है। बालों में तेल लगाने से पहले पर्याप्त मात्रा का पता होना चाहिए। यहां जानें-

  • यदि आपके बाल छोटे हैं तो 1-2 चम्मच और घने बालों के लिए थोड़ा ज्यादा तेल काफी है।
  • बालों की जड़ों पर उंगलियों से तेल लगाएं और गोलाकार मूवमेंट में मालिश करें।
  • स्कैल्प पर हथेली और नाखूनों से प्रेशर मसाज न करें। इससे बाल स्कैल्प से कमजोर या टूटकर गिर सकते हैं।
  • हल्की मालिश करने से तेल स्कैल्प पर अच्छे से फैल जाता है। इससे ब्लड सर्कुलेशन भी बेहतर बनता है।
  • तेल को कम से कम 30 मिनट लगाएं, और बेहतर रिजल्ट पाने के लिए 1 से 2 घंटे इसे लगे रहने दें।
  • आप चाहें तो स्कैल्प पर हल्की लेयर लगाकर इसे रातभर के लिए भी रहने दे सकते हैं।
  • हफ्ते में 2 बार तेल लगाने से बालों की क्वालिटी सुधरनेलगती है। इससे बाल मजबूत और स्वस्थ होते हैं और उनका टूटना कम होने लगता है।


ये लोग भूलकर भी ना करें हेयर ऑयलिंग

तेल लगाने से पहले स्कैल्प की स्थिति को समझना जरूरी है, क्योंकि हेयर ऑयलिंग सभी के लिए फायदेमंद नहीं होती। कुछ लोगों को इससे बचना चाहिए और ऑयल एप्लीकेशन में सावधानी रखनी चाहिए।

  • जब स्कैल्प सीबम या ऑयल प्रोड्यूस करने लगे तो एक्स्ट्रा ऑयलिंग नहीं करनी चाहिए। इससे स्कैल्प हैवी और चिपचिपा हो सकता है।
  • यदि स्कैल्प पर फंगल इंफेक्शन, खुजली, रैश या एलर्जी होती रहती है तो तेल लगाने से बचना चाहिए।
  • जिन लोगों की स्किन एक्ने-प्रोन है, उन्हें भी हेयर ऑलिंग अवॉइड करनी चाहिए, क्योंकि तेल से पिंपल्स या स्कैल्प पर ब्लॉक्स पैदा हो सकते हैं।
  • गंदे या इंफेक्टेड स्कैल्प पर तेल लगाने से फंगल इंफैक्शन या बैक्टीरिया बढ़ सकते हैं, इसलिए साफ स्कैल्प पर ही तेल लगाएं।


Hair Oiling
हेयर ऑयलिंग से पहले स्कैल्प की सफाई है जरूरी


इस स्थिति में डॉक्टर से तुरंत मिलें

बालों का अचानक टूटना, झड़ना, पैच में बालों का गिरना, हेयर थिनिंग तेज होना, हार्मोनल प्रॉबलम जैसे- PCOS या थायरॉइड इश्यू होने पर मेडिकली अप्रूव्ड प्रॉपर हेयर ट्रीटमेट लेना जरूरी हो जाता है। इन परिस्थितियों में तेल या घरेलू उपाय काफी नहीं, बल्कि डर्मेटोलॉजिस्ट या स्पेशलिस्ट की कंसल्टेशन लेना चाहिए।

मेरी सलाह यही है कि हेयर ग्रोथ से जुड़ी प्रॉबलम होने पर हेयर ऑयलिंग जैसे घरेलू नुस्खों पर निर्भर नहीं रहना चाहिए। समय रहते डॉक्टर से सलाह लेकर ट्रीटमेंट कराएं, क्योंकि हेयर ऑयलिंग बालों की देखभाल का एक हिस्सा है, न कि पूरा समाधान।

Comments