कच्ची पत्तागोभी खाने से क्या दिमाग में कीड़े हो सकते हैं, जानें क्या है इस गलतफहमी और इन्फेक्शन की सच्चाई

 

क्या आपने भी ये बात सुनी हैं कि पत्तागोभी में मौजूद कीड़ा मस्तिष्क तक पहुंचकर जान जोखिम में डाल सकता है। पत्तागोभी को लगभग हर किचन में अलग-अलग तरीके से उपयोग किया जाता है। ये सेहत के लिए फायदेमंद है, लेकिन इसका उपयोग करते समय सावधानी रखना जरूरी है। सफाई और पकाने का सही तरीका अपनाकर पत्तागोभी का पूरा लाभ उठाया जा सकता है।

क्या पत्तागोभी में कीड़े होते हैं (सांकेतिक तस्वीर)
क्या पत्तागोभी में कीड़े होते हैं (सांकेतिक तस्वीर)
यह एक गलत धारणा है कि पत्तागोभी को कच्चा खाने से दिमाग में कीड़े होते हैं। दरअसल यह स्थिति न्यूरोसिस्टिसर्कोसिस है, जो सूअर के टेपवर्म टेनिया सोलियम के कारण होती है। यह इन्फेक्शन पत्तागोभी से नहीं होता। ऐसी स्थिति तब आती है जब कोई व्यक्ति दूषित भोजन या पानी के माध्यम से गलती से परजीवी (Parasite) के अंडे निगल लेता है।

समस्या पत्तागोभी नहीं, इसका कारण सफाई का ध्यान न रखना, ठीक से हाथ न धोना है और खाने से पहले भोजन को सही तरीके से संभाल कर न रखना है। इस लेख में हम पत्तागोभी खाने के फायदे और उसे सही तरीके से उपयोग करने के उपाय बता रहे हैं।


क्या पत्तागोभी में कीड़े होते हैं ?

पत्तागोभी में प्राकृतिक रूप से कीड़े नहीं होते हैं, लेकिन मिट्टी के पास उगने के कारण कभी-कभी इसकी बाहरी पत्तियों पर छोटे कीड़े या लार्वा मिल सकता है। पत्तागोभी को साफ करने या काटने के दौरान आमतौर ये कीड़े और लार्वा आसानी से दिख जाते हैं और इन्हें आसानी से हटाया भी जा सकता है।

यह समस्या सिर्फ पत्तागोभी के साथ नहीं है, ज्यादातर पत्तेदार सब्जियों को साफ करते और काटते समय सफाई का विशेष ध्यान रखना होता है। पत्तागोभी को ठीक से धोने से कीड़े और लार्वा का जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है।


पत्तागोभी को कच्चा खाना कितना सुरक्षित ?

पत्तागोभी को कैसे साफ करें (सांकेतिक तस्वीर)<br><br>
पत्तागोभी को कैसे साफ करें (सांकेतिक तस्वीर)




पत्तागोभी पोषक तत्वों से भरपूर है। कई लोग कच्ची पत्तागोभी खाना पसंद करते हैं और सलाद, कोलस्लॉ, रैप्स आदि में कच्ची पत्तागोभी का इस्तेमाल करते हैं। कच्ची पत्तागोभी ज्यादातर लोगों के लिए सुरक्षित है, लेकिन सभी कच्ची सब्जियों की तरह अगर पत्तागोभी को भी अच्छी तरह साफ न किया जाए तो इसमें गंदगी और बैक्टीरिया होने जोखिम रहता है।

पत्तागोभी की पत्तियां घनी होती हैं इसलिए गंदगी, बैक्टीरिया या कीटनाशक के अवशेष इसकी पत्तियों में फंस सकते हैं। जिन लोगों का पाचन कमजोर है उन्हें कच्ची पत्तागोभी खाने के बाद पेट फूलने या गैस की समस्या हो सकती है। इन सभी समस्याओं से बचने के लिए पत्तागोभी को हल्का पकाकर खाना बेहतर विकल्प हो सकता है।


पत्तागोभी को कैसे साफ करें ?

पत्तागोभी को अच्छी तरह साफ करना बहुत जरूरी है, खासकर तब जब आप इसे कच्चा खा रहे हैं। इसके लिए सबसे पहले पत्तागोभी की बाहरी पत्तियां हटा दें। इन पर गंदगी और केमिकल लगने की संभावना ज्यादा रहती है। बाकी पत्तागोभी को बहते पानी के नीचे धो लें।

जिन क्षेत्रों में इंफेक्शन का खतरा ज्यादा रहता है वहां के लोग कटी हुई पत्तागोभी को एक कटोरे में पानी में चुटकी भर नमक या थोड़ा सा सिरका मिलाकर 10 से 15 मिनट के लिए भिगो दें। इससे पत्तागोभी पर मौजूद गंदगी और कीड़े साफ हो जाते हैं। इस्तेमाल करने से पहले भिगोई हुई पत्तागोभी को साफ पानी से धो लें। सब्जियों को संभालते समय बर्तनों और हाथों की सफाई का भी खास ध्यान रखें।


पत्तागोभी सेहत के लिए कितनी फायदेमंद है?

पोषक तत्वों से भरपूर पत्तागोभी के कई हेल्थ बेनिफिट हैं। इसमें विटामिन सी की मात्रा अधिक होती है, जिससे इम्यूनिटी बढ़ती है और शरीर को इंफेक्शन से लड़ने में मदद मिलती है। पत्तागोभी में मौजूद विटामिन के हड्डियों की सेहत के लिए फायदेमंद है। पत्तागोभी का सेवन ब्लड क्लॉटिंग यानी खून के थक्के जमने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यह प्रक्रिया चोट लगने पर बहुत ज्यादा खून बहने को रोकने में मदद करती है।

पत्तागोभी में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट सूजन कम करने में मदद करते हैं और लंबी बीमारी की रोकथाम में भी सहायक हैं। पत्तागोभी में मौजूद हाई फाइबर डाइजेशन इंप्रूव करता है, गट हेल्थ सुधारता है और शुगर लेवल को कंट्रोल करने में मदद करता है। पत्तागोभी फाइबर ज्यादा और कैलोरी कम होती है इसलिए ये उन लोगों के लिए अच्छा विकल्प है जो वजन कम करना चाहते हैं।


पत्तागोभी खाने का सही तरीका क्या है ?

पत्तागोभी का कीड़ा कैसे हटाएं (सांकेतिक तस्वीर)<br>
पत्तागोभी का कीड़ा कैसे हटाएं (सांकेतिक तस्वीर)


पत्तागोभी को कच्चा या पकाकर दोनों तरीकों से खाया जा सकता है। आमतौर पर पत्तागोभी को इन तरीकों से खाया जा सकता है-

  • कच्ची पत्तागोभी में विटामिन सी की मात्रा लगभग पूरी तरह से बरकरार रहती है, लेकिन कच्चा खाने से पहले इसे अच्छी तरह साफ करना बेहद जरूरी है।
  • पत्तागोभी को आसानी से पचाने योग्य बनाने के लिए भाप में पकाना, भूनना या फ्राई करना सबसे अच्छा तरीका है। इसके पत्तागोभी के अधिकांश पोषक तत्व बरकरार रहते हैं और यह आसानी से पच भी जाती है।
  • पत्तागोभी को दाल या लो फैट मीट जैसे प्रोटीन और हेल्दी फैट के साथ मिलाकर खाने से स्वाद और पोषण दोनों मिलते हैं।
  • पत्तागोभी को ज्यादा न पकाएं। इससे पोषक तत्व नष्ट हो सकते हैं और तेज गंध आ सकती है।


पत्तागोभी का कीड़ा दिमाग से निकाल दें

पत्तागोभी सेहत के लिए सुरक्षित, पौष्टिक और लाभकारी है। इसे खाने से 'दिमाग में कीड़े' हो सकते हैं, यह भ्रम मन से निकाल दें। यह सोच पूरी तरह से निराधार है। समस्या पत्तागोभी में नहीं, इसे साफ करने के तरीके में है। पत्तागोभी को सही तरीके से साफ करके और सुरक्षित तरीके से पकाकर इसके पौष्टिक तत्वों का पूरा लाभ लिया जा सकता है।

Comments