प्रेग्नेंसी में बाल लंबे और घने, लेकिन डिलीवरी के बाद क्यों बढ़ता है हेयर फॉल? डॉ. से जानें कारण और केयर का सही तरीका
अगर आप भी डिलीवरी के बाद हेयर फॉल की समस्या से परेशान हैं, तो चिंता न करें क्योंकि यह एक सामान्य प्रक्रिया है। हालांकि, अगर यह समस्या एक साल से ज्यादा समय तक बनी रहती है, तो ऐसी स्थिति में तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। क्योंकि ऐसे मामलों में वजह पता करने के लिए कुछ जांचें जरूरी हो जाती हैं।

प्रेग्नेंसी के दौरान एक महिला के शरीर में कई बदलाव दिखाई देते हैं, जिनमें से एक सबसे अधिक ध्यान देने योग्य बदलाव बालों का स्वस्थ, घना और चमकदार होना होता है। कई महिलाएं अनुभव करती हैं कि इस दौरान उनके बाल पहले की तुलना में अधिक घने और शाइनी हो जाते हैं। हालांकि, डिलीवरी के बाद अक्सर अचानक और कभी-कभी चिंताजनक रूप से बाल झड़ने लगते हैं। एक्सपर्ट्स के अनुसार, यह एक प्राकृतिक बायोलॉजिकल साइकिल है।
प्रेग्नेंसी में बाल लंबे और घने क्यों हो जाते हैं?
प्रेग्नेंसी में बाल लंबे और घने होने के मुख्यतः दो कारण होते हैं, जिसकी जानकारी डिटेल में नीचे दी गई है।
1: एस्ट्रोजन हार्मोन:
गर्भावस्था के दौरान शरीर में हार्मोनल बदलाव होते हैं, खासकर एस्ट्रोजन हार्मोन का स्तर बढ़ जाता है। यह हार्मोन बालों के डेवलपमेंट फेज यानी एनाजेन फेज को बढा देता है। इसके कारण बालों का झड़ना कम हो जाता है और बाल घने, मजबूत और भरे-भरे दिखाई देते हैं।
2: बेहतर ब्लड सर्कुलेशन:
प्रेग्नेंसी के दौरान बेहतर ब्लड सर्कुलेशन भी अहम भूमिका निभाता है। इससे बालों की जड़ों (हेयर फॉलिकल्स) तक ज्यादा पोषक तत्व पहुंचते हैं, जिससे बालों की बनावट और चमक बढ़ती है। इसके अलावा, प्रसवपूर्व विटामिन, खासकर आयरन और फोलिक एसिड से भरपूर सप्लीमेंट्स भी बालों के हेल्दी डेवलपमेंट में मदद करते हैं।
डिलीवरी के बाद क्यों बढ़ता है हेयर फॉल ?
प्रेग्नेंसी के दौरान घने और चमकदार हुए बाल डिलीवरी के बाद अचानक झड़ने लगते हैं। इसका मुख्य कारण यह है कि प्रसव के बाद शरीर में हार्मोन, खासकर एस्ट्रोजन का स्तर तेजी से कम हो जाता है। इस अचानक बदलाव के कारण बड़ी संख्या में हेयर फॉलिकल्स टेलोजेन (आराम/झड़ने) अवस्था में चले जाते हैं, जिससे बाल झड़ने लगते हैं। मेडिकल भाषा में इस स्थिति को पोस्टपार्टम टेलोजेन इफ्लुवियम कहा जाता है।
इस दौरान महिलाओं को अक्सर कंघी करते समय, बाल धोते समय या यहां तक कि बालों में उंगलियां फेरते समय भी ज्यादा बाल झड़ते हुए महसूस होते हैं। हालांकि यह देखने में गंभीर लग सकता है, लेकिन आमतौर पर यह स्थिति अस्थायी होती है।
डिलीवरी के बाद कितना हेयर फॉल सामान्य है?
डिलीवरी के बाद बालों का झड़ना कितना सामान्य है, यह समझना लिए बेहद जरूरी है। महिलाएं ध्यान दें कि आमतौर पर बच्चे के जन्म के 2 से 4 महीने बाद शुरू होता है और 6 से 12 महीने तक रह सकता है। अधिकतर मामलों में, जब हार्मोन का स्तर संतुलित हो जाता है, तो बालों की ग्रोथ धीरे-धीरे फिर से सामान्य हो जाती है।हालांकि, इसकी इंटेंसिटी और ड्यूरेशन कई कारकों पर निर्भर करती हैं, जैसे-
- न्यूट्रीशिन की स्थिति
- तनाव का स्तर
- नींद का पैटर्न
- ओवरऑल हेल्थ
डिलीवरी के बाद बालों का झड़ना कैसे कंट्रोल करें?
डिलीवरी के बाद बालों की सही देखभाल और हेयरफॉल को कम करने के लिए महिलाओं को कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना चाहिए। इसमें अच्छे पोषण, जेंटल केयर और स्ट्रेस मैनेजमेंट शामिल हैं। एक्सपर्ट्स निम्नलिखित सुझाव देते हैं:
बैलेंस डाइट लें: डाइट में प्रोटीन, आयरन, कैल्शियम और विटामिन B-कॉम्प्लेक्स व विटामिन D से भरपूर चीजें शामिल करें।
बालों को कसकर न बांधें: बालों को टाइट बांधने, ज्यादा हीट स्टाइलिंग और कठोर केमिकल ट्रीटमेंट से बचें।
नियमित तेल मालिश करें: स्कैल्प की हल्के हाथों से मालिश करने से ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है, जो बालों के स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद है।
तनाव को नियंत्रित करें: योग, ध्यान (मेडिटेशन) जैसी रिलैक्सेशन तकनीकों का अभ्यास करें।
पर्याप्त पानी पिएं: पर्याप्त मात्रा में पानी पीना बालों के समग्र स्वास्थ्य के लिए बहुत जरूरी होता है।
Comments
Post a Comment