शरीर पर जमा एक्सट्रा फैट हटाने के 7 आयुर्वेदिक तरीके

 

Weight Loss According To Ayurveda: वजन घटाने के लिए आयुर्वेद का रास्ता अपनाना काफी फायदेमंद साबित होता है। यह मोटापा घटाने के साथ पूरे स्वास्थ्य को सुधारने में पर जोर देता है। आयुर्वेद में 7 आसान और बेहतरीन तरीके बताए गए हैं, जो शरीर पर जमे अतिरिक्त फैट को घटाने के साथ मेटाबॉलिक व हॉर्मोनल हेल्थ को बैलेंस बनाते हैं।

ayurvedic weight loss
वेट लॉस का आयुर्वेदिक तरीका (सांकेतिक तस्वीर)
क्या आप मोटापे का कारण केवल अत्यधिक खाना, धीमा मेटाबॉलिज्म, अस्वस्थ जीवनशैली, हॉर्मोन में असंतुलन और तनाव समझते हैं? लेकिन आयुर्वेदिक डॉक्टर होने के नाते मैं इसके पीछे शारीरिक ऊर्जाओं में गड़बड़ी भी मानता हूं। आयुर्वेद में मोटापे को स्थौल्य कहते हैं, जिसके पीछे खासतौर से कफ दोष का बढ़ना होता है। इसकी वजह से वजन बढ़ने लगता है और सुस्ती छाने लगती है। भोजन से ज्यादा मोटापा पोषक तत्वों को इस्तेमाल, अवशोषित और प्रोसेस करने की शारीरिक क्षमता से जुड़ा होता है।


आयुर्वेद में वेट लॉस का तरीका

आयुर्वेद में वेट लॉस को धीरे-धीरे और स्थायी प्रक्रिया माना गया है, जिसमें आपको जल्दी परिणाम पाने की जगह मेटाबॉलिज्म को सुधारना होता है। इसे शॉर्ट-टर्म कोर्स समझने की जगह अपनी लाइफस्टाइल का एक हिस्सा बनाएं। इस नजरिए से आप वजन कम करने के साथ पाचन, एनर्जी लेवल और पूरे स्वास्थ्य को सुधार पाएंगे। वेट लॉस मैनेजमेंट के लिए आयुर्वेद के इन 7 तरीकों को आजमा सकते हैं।

1. अतिरिक्त खाना छोड़ें

weight loss inchi tape
अस्वस्थ खाना छोड़ें (सांकेतिक तस्वीर)


आपको खाने की मात्रा के साथ गुणवत्ता पर भी ध्यान देना चाहिए। आयुर्वेद में वजन कम करने का सबसे पहला तरीका बैलेंस्ड और माइंडफुल डाइट को अपनाना है। विरुद्ध आहार, हेवी या प्रोसेस्ड फूड की ओवरईटिंग करने से मेटाबॉलिज्म धीमा हो जाता है और शरीर में टॉक्सिन (आम) बढ़ने लगते हैं। ताजा, मौसमी और पोर्शन कंट्रोल के साथ किया हुआ भोजन डायजेस्टिव बैलेंस को बनाए रखता है और गैर-जरूरी वसा को बढ़ने से रोकता है।


2. डायजेस्टिव फायर बढ़ाएं

आयुर्वेद कहता है कि डायजेशन कमजोर होने से मेटाबॉलाइजेशन अनियमित और धीमा होता है। खाने को एनर्जी में ढंग से बदलने के लिए डायजेस्टिव फायर यानी अग्नि का मजबूत होना बहुत जरूरी है। अग्नि को बनाए रखने के लिए गर्म, हल्का और सुपाच्य भोजन लें। ओवरईटिंग से बचें और अदरक, जीरा, काली मिर्च जैसे मसालों को खाने में शामिल करें। दिनभर में गुनगुना पानी पीने से डायजेशन और डिटॉक्सिफिकेशन को सपोर्ट मिलता है।


3. व्यायाम करें

फिजिकल एक्टिविटी की कमी से मेटाबॉलिज्म और फैट बर्निंग धीमी हो जाती है। नींद की खराबी से भूख वाले हॉर्मोन भी बढ़ जाते हैं, जिससे ओवरईटिंग होती है। तेज चलना, योगा, सूर्या नमस्कार जैसी गतिविधियों को रोजाना 30 से 45 मिनट तक करें। आयुर्वेद कहता है कि आपको तबतक एक्सरसाइज करनी चाहिए, जबतक कि हल्का पसीना नहीं निकलने लगता और शरीर को एकदम थकाने से बचना चाहिए। गतिविधि में नियमित्ता रखने से ब्लड सर्कुलेशन, डायजेशन और पूरी मेटाबॉलिक एफिशिएंसी बढ़ती है।


4. लंघन करें

आयुर्वेद में लंघनम परमौषधम बताया गया है, मतलब कि कंट्रोल फास्टिंग या कैलोरी इनटेक को कम करना वजन घटाने का बेस्ट तरीका है। आपको किसी के मार्गदर्शन में लंघन करना चाहिए, जिससे शरीर पहले से स्टोर फैट को एनर्जी बनाने के लिए इस्तेमाल करता है और डिटॉक्सिफिकेशन में मदद मिलती है। लेकिन एक्स्ट्रीम फास्टिंग करने से बचें, बल्कि इसकी जगह सोचा-समझा ईटिंग पैटर्न, हल्का भोजन और कभी-कभार फास्टिंग को किसी एक्सपर्ट की निगरानी में करना चाहिए।


5. दिनचर्या और ऋतुचर्या फॉलो करें

early sleeping
जल्दी सोने का फायदा (सांकेतिक तस्वीर)


बॉडी मेटाबॉलिज्म और नेचुरल रिदम को सही रखने के लिए अनुशासित रुटीन की जरूरत होती है। आयुर्वेद रोजाना सुबह जल्दी उठने, फिक्स टाइम पर खाने और जल्दी सोने की सलाह देता है। इसके साथ सीजनल डाइटरी प्रैक्टिस अपनानी चाहिए, जैसे- गर्मी में हल्का भोजन करें, सर्दियों में पौष्टिक खाएं। रुटीन में नियमित्ता रखने से हॉर्मोन बैलेंस और मेटाबॉलिक स्टेबिलिटी में मदद मिलती है।


6. स्थानीय आहार लें

जो आहार आपके आसपास पैदा होता है, वो शरीर के लिए सबसे उपयुक्त होता है। स्थानीय आहार आसानी से पच जाता है और शरीर की जरूरत पूरी करता है। क्रैश डाइट और विदेशी डाइट ट्रेंड से मिला रिजल्ट बहुत कम टाइम के लिए होता है।


7. माइंडफुल ईटिंग और स्ट्रेस कंट्रोल

वजन कंट्रोल करने में मेंटल हेल्थ की भूमिका अहम होती है। तनाव से कोर्टिसोल का लेवल बढ़ता है, जो हाई कैलोरी फूड और इमोशनल ईटिंग की इच्छा बढ़ा देता है। खाना धीमी गति से, चबा-चबाकर और भूख के मुताबिक खाना चाहिए। अपने रुटीन में मेडिटेशन, प्राणायाम और रिलेक्सेशन टेक्नीक शामिल करने से स्ट्रेस और हॉर्मोन बैलेंस को मैनेज किया जा सकता है।

इन 7 नियमों के अलावा कुछ आसान सी आदतें भी वजन घटाने में मदद करती हैं। जैसे सुबह गुनगुने पानी में नींबू डालकर पीना, देर रात खाने से बचना और पर्याप्त पानी पीने से भी हाइड्रेशन और मेटाबॉलिज्म हेल्दी बनता है। पर्याप्त नींद लेना भी जरूरी है, क्योंकि इसके बिगड़ने पर हॉर्मोन और भूख का रेगुलेशन बिगड़ जाता है। आयुर्वेद वजन घटाने के साथ संपूर्ण स्वास्थ्य को बेहतर बनाने पर जोर देता है।

Comments