पौधों के लिए क्यों जरूरी है 2 रुपये का सफेद चूना? गार्डनिंग एक्सपर्ट ने खोला राज, गमले में मिलेगी अच्छी पैदावार
गार्डनिंग के शौकीन लोग अक्सर पौधों में अच्छी ग्रोथ के लिए महंगी खाद और दवाइयां खरीदते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि मात्र 2 रुपये का सफेद चूना आपके मुरझाए हुए पौधों में जान फूंक सकता है। गार्डनिंग एक्सपर्ट ने सफेद चूना इस्तेमाल करने को लेकर जरूरी जानकारी दी है।

टमाटर, मिर्च और गुलाब जैसे पौधों के लिए तो चूना किसी वरदान से कम नहीं है। यह न केवल पौधों को बीमारियों से बचाता है, बल्कि मिट्टी के पीएच लेवल को भी संतुलित रखता है। मात्र 2 रुपये का चूना कैसे आपके बगीचे की पैदावार बढ़ा सकता है और इसे इस्तेमाल करने का सही तरीका क्या है जान लीजिए।
पौधों के लिए चूना क्यों जरूरी है?
जैसे इंसान की हड्डियों के लिए कैल्शियम जरूरी है, वैसे ही पौधों की मजबूती के लिए भी यह बहुत आवश्यक है। चूना कैल्शियम का सबसे बड़ा स्रोत है। जब पौधों में इसकी कमी होती है, तो उनकी पत्तियां मुड़ने लगती हैं और टहनियां कमजोर होकर टूटने लगती हैं। चूना मिट्टी में मिलकर पौधों को अंदर से शक्ति देता है, जिससे वे स्वस्थ रहते हैं।
मिट्टी की एसिडिटी कम करता है
ज्यादा केमिकल वाली खाद डालने से अक्सर मिट्टी खराब हो जाती है और उसमें एसिड की मात्रा बढ़ जाती है। ऐसी मिट्टी में पौधे बढ़ना बंद कर देते हैं। चूना मिट्टी की इस खराबी को दूर करता है और उसे उपजाऊ बनाता है। जब मिट्टी सही होती है, तभी पौधा खाद और पानी को अच्छी तरह सोख पाता है।
कीड़ों और बीमारियों से बचाव
सफेद चूना एक तरह से नेचुरल दवा का काम भी करता है। मिट्टी में इसे डालने से फंगस और छोटे-छोटे कीड़े मर जाते हैं। अक्सर टमाटर और मिर्च के फल नीचे से काले होकर सड़ने लगते हैं, जो कैल्शियम की कमी की वजह से होता है। चूने का सही इस्तेमाल इस बीमारी को तुरंत रोक देता है।
किन पौधों में डालना सबसे फायदेमंद है?
वैसे तो चूना कई पौधों के लिए अच्छा है, कुछ जरूरी सब्जी वाले पौधों की बात करें तो टमाटर, मिर्च, बैंगन और नींबू के लिए बहुत फायदेमंद है। जबकि गुलाब, गुड़हल और मोगरा जैसे फूल वाले पौधों में इसे डालने से फूल बड़े और चमकदार आते हैं। इसके अलावा अमरूद और अनार जैसे फलों वाले पौधों की पैदावार बढ़ती है।
गार्डनिंग एक्सपर्ट की टिप्स
इस्तेमाल करने का सबसे आसान तरीका
गार्डनिंग एक्सपर्ट के मुताबिक पान की दुकान पर 2 रुपये में मिलने वाला चूना है। एक चम्मच के हिसाब से निकालकर 4 लीटर पानी में मिलाएं। इसे अच्छी तरह से घोल लें। अब इस घोल को अपने पौधों की जड़ों में डाल दें। आप इसे महीने में एक बार या जरूरत पड़ने पर इस्तेमाल कर सकते हैं।
ध्यान रखने वाली कुछ जरूरी बातें
चूना फायदेमंद है, लेकिन इसे सावधानी से इस्तेमाल करें। हमेशा बुझे हुए चूने का ही इस्तेमाल करें। कच्चा चूना सीधे पौधों में न डालें, क्योंकि वह बहुत गर्म होता है और जड़ों को जला सकता है। साथ ही, इसे बहुत ज्यादा मात्रा में न डालें। साल में 2-3 बार का इस्तेमाल ही पौधों के लिए काफी होता है।
Comments
Post a Comment