सिजेरियन डिलीवरी के बाद महिला के शरीर को पूरी तरह रिकवर होने में समय लगता है। अगर शरीर को पर्याप्त समय न मिले और जल्दी फिर प्रेग्नेंसी हो जाए, तो मां की सेहत पर असर पड़ सकता है और कई जोखिम भी बढ़ सकते हैं। इसी वजह से मैं बतौर डॉक्टर निर्धारित अंतराल के बाद ही अगली गर्भावस्था की योजना बनाने की सलाह देती हूं।

गैप आखिर जरूरी क्यों हैं ?
दो प्रसवों के बीच लगभग 2 साल का अंतर रखने की सलाह दुनिया भर की मेडिकल गाइडलाइंस और लंबे समय के क्लीनिकल अनुभव पर आधारित है। यह अंतराल गर्भाशय को पूरी तरह से मजबूत होने का अवसर देता है और अगली गर्भावस्था के दौरान जटिलताओं का जोखिम भी कम करता है।ध्यान देने वाली बात यह है कि रिकवरी सिर्फ बाहरी घावों तक सीमित नहीं होती, बल्कि शरीर के अंदरूनी ऊतकों को ठीक होने में भी अधिक समय लगता है। इसके अलावा, इस अवधि में शरीर के पोषक तत्वों का संतुलन भी फिर से बेहतर हो जाता है, जिससे अगली गर्भावस्था मां और बच्चे दोनों के लिए अधिक सुरक्षित और स्वस्थ बन सकती है।
प्रेग्नेंसी में हो सकती हैं ये कॉम्प्लिकेशन्स
सी-सेक्शन के बाद अगर अगली गर्भावस्था के लिए पर्याप्त समय नहीं मिलता, तो कई कॉम्प्लिकेशन्स का खतरा बढ़ सकता है। इनमें सबसे गंभीर जोखिम गर्भाशय फटने यानी कि यूट्राइन रप्चर का होता है, जिसमें पुराने ऑपरेशन का घाव दबाव पड़ने पर कमजोर होकर फट सकता है।यह एक इमरजेंसी मेडिकल स्थिति होती है, जिसमें मां और बच्चे दोनों की जान को खतरा हो सकता है। इसके अलावा प्लेसेंटा से जुड़ी समस्याएं जैसे प्लेसेंटा प्रीविया और प्लेसेंटा एक्रेटा का खतरा भी बढ़ सकता है।
बढ़ सकते हैं ये जोखिम भी
जल्दी गर्भधारण होने पर समय से पहले डिलीवरी यानी कि प्रीमैच्योर डिलीवरी (Premature delivery), कम वजन वाले बच्चे का जन्म (Low birth Weight)और गर्भपात(Miscarriage) की संभावना भी अधिक हो सकती है। इसी वजह से सी-सेक्शन के बाद गर्भधारण के बीच अंतर रखने की सलाह दी जाती है, ताकि डॉक्टर गर्भावस्था पर ज्यादा ध्यान से निगरानी रख सकें और मां-बच्चे दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
मां को रहते हैं ये रिस्क
सी-सेक्शन के बाद जल्दी दोबारा गर्भधारण करने से मां के शरीर पर ज्यादा दबाव पड़ सकता है और नुकसान होने का खतरा बढ़ जाता है। कई महिलाएं उस समय सर्जरी से ठीक हो रही होती हैं, खून की कमी (एनीमिया) या पोषण की कमी से जूझ रही होती हैं। ऐसे में अगर जल्दी गर्भधारण हो जाए, तो शरीर को पूरी तरह ठीक होने का समय नहीं मिलता। इससे थकान बढ़ सकती है, रिकवरी धीमी हो सकती है और कई तरह की जटिलताओं का खतरा भी बढ़ जाता है।
अक्सर देखा गया है कि जो महिलाएं पर्याप्त समय का इंतजार करने के बाद दोबारा गर्भधारण करती हैं, उनकी गर्भावस्था ज्यादा सहज रहती है और उनका संपूर्ण स्वास्थ्य भी बेहतर होता है, उन महिलाओं की तुलना में जो बहुत जल्दी गर्भधारण कर लेती हैं।
इन लक्षणों पर ध्यान देना जरूरी है
अगर कोई महिला तय समय से पहले दोबारा गर्भधारण कर लेती है, तो उसे अतिरिक्त सावधानी बरतनी चाहिए। इसके तहत, उसे गर्भावस्था के दौरान कुछ लक्षणों पर खास ध्यान देना जरूरी होता है, जैसे- अंतिम चरण में अगर पेट में तेज दर्द हो, पुराने ऑपरेशन के निशान में ज्यादा दर्द या कोमलता महसूस हो, योनि से रक्तस्राव हो, चक्कर आए या बच्चे की हलचल कम लगे, तो इसे बिल्कुल नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
इसी तरह शुरुआती समय में लगातार पीठ दर्द या बार-बार कॉन्ट्रेक्शन होना भी चेतावनी का संकेत हो सकता है। ऐसी किसी भी स्थिति में तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना जरूरी होता है, क्योंकि समय पर जांच और इलाज से गंभीर जटिलताओं को रोका जा सकता है और मां के साथ-साथ बच्चे दोनों को सुरक्षित रखा जा सकता है।
हेल्दी प्रेग्नेंसी के लिए गैप है बेहद जरूरी
सी-सेक्शन के बाद महिला के शरीर को पूरी तरह ठीक होने का समय देना सुरक्षित और स्वस्थ गर्भावस्था के लिए बहुत जरूरी होता है, क्योंकि इससे आगे होने वाली जटिलताओं का खतरा कम होता है और मां-बच्चे दोनों की सेहत बेहतर रहती है।
Comments
Post a Comment