अक्सर लोगों की शिकायत होती है कि कुकर में चावल या तो कच्चे रह जाते हैं या फिर आपस में चिपक जाते हैं। पुलाव हो या सादे चावल, जब तक उनके दाने अलग-अलग और खिले-खिले न हों, खाने का मजा नहीं आता। ऐसे में कुकिंग एक्सपर्ट शबाना सैफी ने कुकर में परफेक्ट चावल बनाने का आसान तरीका शेयर किया है।

अक्सर लोग चावल और पानी का सही अनुपात न होने के कारण गलती कर बैठते हैं, लेकिन इस विधि में 2 गिलास चावल के लिए ढाई गिलास पानी का परफेक्ट फॉर्मूला बताया गया है। तड़के वाले मसालों की खुशबू और पहले खुला पकाकर फिर एक सीटी लगाने की ट्रिक, साधारण चावल को भी किसी शाही पुलाव जैसा खिला-खिला बना देती है।
चावल का चुनाव और भिगोने का समय
खिले-खिले चावलों के लिए सबसे पहले अच्छी क्वालिटी के बासमती चावल लें। शबाना सैफी के अनुसार, चावलों को बनाने से पहले कम से कम 30 मिनट के लिए धोकर भिगोना बहुत जरूरी है। भिगोने से चावल के दाने पानी सोख लेते हैं और पकने के बाद अपनी पूरी लंबाई में खिलते हैं। ध्यान रहे, चावल को हल्के हाथों से धोएं ताकि दाने टूटे नहीं।
खड़े मसालों का खुशबूदार तड़का
चावलों में होटल जैसा स्वाद लाने के लिए उन्हें सादा उबालने के बजाय तड़का लगाएं। कुकर में थोड़ा घी या तेल गर्म करें। इसमें 4-5 लौंग, 2 छोटी इलायची, 1 बड़ी इलायची, 6-7 काली मिर्च और थोड़ा जीरा डालें। जब मसाले चटकने लगें और खुशबू आने लगे, तब इसमें भीगे हुए चावल डालें। घी में चावलों को हल्का भूनने से उनके ऊपर एक कोटिंग बन जाती है, जो उन्हें चिपकने से रोकती है।
पानी का सही अनुपात
कुकर में चावल चिपतिपे बनने की सबसे बड़ी वजह पानी का गलत अंदाजा होता है। शबाना सैफी के मुताबिक 2 गिलास चावल के लिए सिर्फ ढाई गिलास पानी का इस्तेमाल करें। आमतौर पर लोग दो गुना पानी डालते हैं, जिससे चावल गीले हो जाते हैं। ढाई गिलास पानी का यह अनुपात चावल को एकदम परफेक्ट टेक्सचर देता है।
पहले बिना सीटी के पकाएं
यही वह स्टेप है जो इस रेसिपी को दूसरों से अलग बनाता है। पानी और नमक डालने के बाद कुकर का ढक्कन तुरंत बंद न करें। इसके बजाय, कुकर को किसी साधारण प्लेट से ढक दें और हाई फ्लेम पर पकने दें। चावलों को तब तक खुला पकाएं जब तक कि ऊपर का पानी सूखकर चावलों के स्तर से थोड़ा नीचे न चला जाए।
एक सीटी का प्रेशर कुकिंग फॉर्मूला
जब आपको लगे कि पानी कम हो गया है और चावल की सतह दिखने लगी है, तब कुकर का असली ढक्कन लगाएं और सीटी लगा दें। अब सिर्फ एक सीटी आने तक का इंतजार करें। एक सीटी आते ही गैस तुरंत बंद कर दें। यह तरीका चावल के दानों को भाप में पूरी तरह पकने में मदद करता है बिना उन्हें ज्यादा गलाए।
शबाना सैफी का तरीका
भाप निकालने और सर्व करने का तरीका
सीटी आने के बाद कुकर को ज्यादा देर तक बंद न रखें। इसकी भाप तुरंत निकाल दें और ढक्कन खोल दें। ढक्कन खोलने के तुरंत बाद एक कांटे या कड़छी की मदद से चावलों को हल्के हाथों से ऊपर-नीचे चला दें। इससे चावलों के बीच की गर्म हवा निकल जाएगी और वे आपस में चिपकेंगे नहीं। इस तरह आपके आपके गरमा-गरम खिले हुए चावल तैयार हो जाएंगे।
Comments
Post a Comment