realme Pad 3 5G हिंदी रिव्यू: 12,200mAh बैटरी वाला टैबलेट बड़ा दमदार, लेकिन कुछ कमियां दूर करने की जरूरत
Realme Pad 3 5G Review in Hindi: रियलमी का नया टैब Pad 3 5G लॉन्च हो चुका है। मैंने इस टैब को 30 दिनों तक यूज किया। आज मैं आपके लिए इसका रिव्यू करने जा रहा हूं। आइए आपकी खूबियों और कमियों के बारे में जानते हैं...

realme Pad 3 5G प्राइस
- 8GB+128GB (WIFI Model) - ₹26,999
- 8GB+128GB (5G Model) - ₹29,999
- 8GB+256GB (5G Model) - ₹31,999
realme Pad 3 5G डिजाइन, डिस्प्ले
एक लाइन में कहूं तो टैबलेट अच्छा है लेकिन, कुछ कमियां भी हैं। इसमें 11.61-इंच की बड़ी स्क्रीन दी गई है, जो 2.8K रेजोल्यूशन के साथ आती है। 120Hz रिफ्रेश रेट की वजह से स्क्रॉलिंग बहुत स्मूथ होती है। आप इनडोर, आउटडोर और तेज धूप में भी टैब को आसानी से यूज कर पाएंगे। यह टैबलेट दिखने में काफी प्रीमियम और स्लिम (6.6mm पतला) है। इसका वजन 578 ग्राम है, जिससे यह भारी भी नहीं लगता। टैब पकड़ने पर यह फिसलता नहीं है। अच्छी ग्रिप मिलती है। फ्रंट और बैक दोनों तरफ से यह देखने में क्लासी लगता है। बैक डिजाइन सिंपल है। कैमरा मॉड्यूल के अलावा कंपनी का लोगो देखने को मिलता है।पावर बटन ऊपर की तरफ राइड कॉर्नर पर है। फिंगरप्रिंट सेंसर को पावर बटन में ही दिया गया है। वॉल्यूम बटन राइड साइड में ऊपर रखी गई हैं। लेफ्ट साइड बिल्कुल खाली है। चार्जिंग पोर्ट नीचे की तरफ और सिम ट्रे राइट साइड में दी गई है। इसमें ऊपर और नीचे की तरफ 4 स्पीकर दिए गए हैं, लेकिन डॉल्बी ऑडियो का सपोर्ट नहीं है। यह टैब स्पेस ग्रे और शैम्पेन गोल्ड जैसे खूबसूरत रंगों में उपलब्ध है।
यह टैब एंड्रॉयड 16 पर बेस्ड realme UI 7 पर चलता है, जो इस्तेमाल करने में आसान और साफ-सुथरा है। टैब को सेटअप करने के बाद मैंने पाया कि इसका सॉफ्टवेयर काफी क्लीन था। कोई बेकार के प्री-इंस्टॉल्ड ऐप्स नहीं थे। सभी ऐप्स क्लियरली विजिबल भी थे। स्क्रीन पर कहीं कोई धुंधलापन नहीं था। कलर्स काफी निखरकर आ रहे थे। स्क्रीन का रिस्पॉन्स काफी इंप्रेसिव है। स्पीकर्स भी काफी अच्छे हैं, मुझे फुल वॉल्यूम करने की जरूरत महसूस नहीं हुई। आधे से ज्यादा वॉल्यूम पर ऐसा लगता है कि कोई छोटा स्पीकर बज रहा हो।
कैसी है परफॉरमेंस?
realme Pad 3 5G में मीडियाटेक डायमेंसिटी 7300-मैक्स चिपसेट दिया गया है, जो 4nm प्रोसेस पर बना है। यह टैब 8GB रैम और 128GB/256GB स्टोरेज के साथ आता है और एसडी कार्ड के जरिए स्टोरेज को 2TB तक बढ़ाया भी जा सकता है। इसका मतलब है कि डेटा स्टोर करने के लिए आपको परेशान होने की जरूरत नहीं होगा। इसकी परफॉर्मेंस भी काफी अच्छी है। आप टैब पर मल्टीटास्किंग और हल्की गेमिंग आसानी से कर सकते हैं। डेली यूज में आपको कोई दिक्कत नहीं आएगी। लेकिन, इसे गेमिंग प्रो टैबलेट नहीं कहा जा सकता।न कवर, न कोई प्रोटेक्शन
हालांकि, मुझे यह समझ में नहीं आया कि कंपनी ने टैब के साथ कवर क्यों नहीं दिया। अब अगर आप किसी से 25 हजार रुपये ले रहे हो तो आपकी जिम्मेदारी बनती है कि आप उसको ऐसी चीज दो जिसे पकड़ना और चलाना आसान हो। साथ ही कंपनी ने टैब के फ्रंट साइड में किसी तरह की कोई प्रोटेक्शन नहीं दिया है। इससे स्क्रैच लगने के पूरे-पूरे चांसेस हैं। मेरे हाथ से एक-दो बार टैब गिरते-गिरते बचा। मैं यह सोचकर डर गया था कि अगर स्क्रीन टूट गई तो क्या होगा, क्योंकि वारंटी में स्क्रीन रिप्लेसमेंट शामिल नहीं होता। इस टैब को देर तक पकड़े रखने पर पीछे की तरफ पसीने के निशान भी देखने को मिलते हैं।अच्छा कैमरा, लेकिन एक दिक्कत
एक और चीज जो मुझे खटकी वह है इसका फ्रंट कैमरा। कैमरा से मेरा मतलब फोटो की क्वालिटी से नहीं, बल्कि कैमरा की प्लेसिंग से है। कंपनी ने फ्रंट कैमरा राइट साइड में दिया है और यहीं पर कैमरा बटन भी है। इससे सेल्फी लेते टाइम काफी उलझन होती है। साइड में कैमरा होने से फ्रेम गड़बड़ा जाता है। फोटो में एक तरफ खाली जगह छूट जाती है। समझ नहीं आता कि स्क्रीन की तरफ देखें या कैमरा की तरफ। कई बार क्लिक बटन दबाने के चक्कर में अंगूठा, कैमरा के ऊपर चला जाता है। उदाहरण आप यहां देख सकते हैं।ये तो इसकी कमी हो गई लेकिन, अगर कैमरा क्वालिटी की तारीफ ना की जाए, तो यह इस टैब के साथ नाइंसाफी होगी। मुझे उम्मीद नहीं थी टैब की कैमरा क्वालिटी इतनी अच्छी होगी। इसमें 8MP का फ्रंट और 8MP का ही बैक कैमरा दिया गया है। दोनों कैमरों की क्वालिटी काफी अच्छी है। फोटोज क्लियर और कलरफुल आती हैं। डिफरेंट मोड्स से आप अच्छी पिक्चर्स क्लिक कर पाएंगे। कुछ कैमरा सैंपल्स यहां देख सकते हैं।
Comments
Post a Comment