विटामिन बी12 की कमी से दिखने वाले 6 लक्षण, सिर से पैर तक दिखता है असर

 

विटामिन बी12 को कोबालामिन भी कहा जाता है। यह न्यूट्रिएंट आपकी नसों के पूरे सिस्टम को हेल्दी रखने के लिए महत्वपूर्ण है। इसके साथ डीएनए सिंथेसिस और एनर्जी मेटाबॉलिज्म भी इसके सपोर्ट से होता है। अगर आपकी स्किन पीली पड़ रही है, थकान-कमजोरी जल्दी हो जाती है तो यह बी12 का लेवल कम होने का संकेत हो सकता है। इस आर्टिकल में इन लक्षणों और विटामिन बी12 के बीच का संबंध जानते हैं।

vitamin b12 deficiency symptoms
विटामिन बी12 की कमी से दिखने वाले लक्षण (सांकेतिक तस्वीर)
विटामिन बी12 (कोबालामिन) एक वॉटर सॉल्यूबल विटामिन है, जो सेंट्रल नर्वस सिस्टम, एनर्जी और डीएनए सिंथेसिस के लिए काफी महत्वपूर्ण है। इसकी पर्याप्त मात्रा ना लेने पर शरीर में थकान, कमजोरी, पीली स्किन, दिमाग का काम बिगड़ना, पेट की समस्या और हाथ-पैर में जलन जैसी दिक्कतें हो सकती हैं।

नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ के मुताबिक, 14 साल या उससे ज्यादा उम्र के पुरुषों और महिलाओं को हर दिन 2.4 mcg विटामिन बी12 की जरूरत होती है। इससे कम उम्र में इसकी जरूरी मात्रा थोड़ी कम होती है और प्रेग्नेंसी व ब्रेस्टफीडिंग के दौरान महिलाओं को ज्यादा मात्रा में यह पोषक तत्व चाहिए होता है।

विटामिन बी12 की कमी से शरीर में क्या होता है?

विटामिन बी12 की कमी से प्रमुख रूप से खून की कमी और सेंट्रल नर्वस सिस्टम से जुड़ी समस्याएं विकसित हो सकती हैं, जिसके कारण निम्नलिखित लक्षण दिखते हैं।

1. शरीर पीला पड़ना

yellow eyes jaundice
विटामिन बी12 की कमी से पीली आंखें (सांकेतिक तस्वीर)


विटामिन बी12 की कमी से शरीर की त्वचा, आंख आदि का रंग पीला पड़ सकता है। यह एनीमिया का संकेत है, जिसके पीछे विटामिन बी12 की कमी हो सकती है। Johns Hopkins Medicine बताता है कि रेड ब्लड सेल्स बनाने के लिए इस न्यूट्रिएंट की आवश्यकता होती है। रेड ब्लड सेल्स खून का जरूरी तत्व है, जो ऑक्सीजन को लेकर पूरे शरीर में पहुंचाती हैं। रिपोर्ट में यह भी बताया है कि विटामिन बी12 से होने वाला एनीमिया और फोलिक एसिड के कारण होने वाले एनीमिया अक्सर साथ में होता है।

2. थकान-कमजोरी

इस पोषक तत्व की कमी शरीर में थकान और कमजोरी बढ़ा सकती है। इसके साथ मसल्स क्रैम्प भी हो सकते हैं। John Hopkins Medicine के अनुसार ही, जब शरीर में रेड ब्लड सेल्स की कमी हो जाती है तो मांसपेशियों और अंगों को कम ऑक्सीजन मिलने लगती है। इसकी वजह से एनर्जी-स्टेमिना में कमी आती है, जो इन सभी दिक्कतों को मूल कारण है।

3. याददाश्त-फोकस में कमी

विटामिन बी12 कम होने से ब्रेन फंक्शन में कमी आ सकती है, इसकी वजह से याददाश्त और फोकस में कमी देखने को मिलती है। कुछ लोगों को डिप्रेशन-एंग्जायटी से जुड़े संकेत भी देखने को मिल सकते हैं। जापान के कुछ शोधकर्ताओं ने मिलकर विटामिन बी12 के लेवल और कॉग्निटिव फंक्शन में संबंध का अध्ययन किया। अध्ययन में शामिल प्रतिभागियों को जब बी12 सप्लीमेंट दिया गया तो ब्रेन फंक्शन टेस्ट में उनके रिजल्ट सप्लीमेंट लेने से पहले के मुकाबले बेहतर पाए गए। यह शोध एनसीबीआई पर प्रकाशित है।

4. पेट से जुड़ी समस्याएं

NHLBI के मुताबिक, कोबोलामिन कम होने से मरीज के अंदर पेट से जुड़ी समस्याएं दिख सकती हैं। इनमें डायरिया, कब्ज आदि शामिल हैं, जो एनीमिया से जुड़ी हो सकती हैं। इसके साथ दूसरे पोषक तत्वों के अवशोषण में कमी आ सकती है, जो बेवजह वजन घटने का कारण बन सकता है।

5. जीभ में सूजन

mouth oral tongue teeth
विटामिन बी12 की कमी से जीभ में सूजन 

बी12 की कमी से जीभ में सूजन आ सकती है, जिसे मेडिकल भाषा में ग्लोसाइटिस कहा जाता है। एनसीबीआई पर मौजूद शोध कहता है कि विटामिन बी12 से होने वाले एनीमिया के 25 प्रतिशत मामलों में ग्लोसाइटिस की समस्या मौजूद हो सकती है। इस स्थिति में जीभ के ऊपर लाल चमकदार प्लाक जमने लगता है।

6. हाथ-पैर की नसों में जलन

क्लीवलैंड क्लीनिक के अनुसार, विटामिन बी12 की कमी से हाथ और पैरों में सुन्नपन, चुभन या जलन हो सकती है। यह इस पोषक तत्व की कमी का न्यूरोलॉजिकल लक्षण है, जिसे पैरेस्थेसिया कहा जाता है। ऐसा बी12 की कमी से नसों को नुकसान पहुंचने के कारण होता है।

विटामिन बी12 कैसे बढ़ाएं?

कोबालामिन का निर्माण शरीर खुद नहीं कर पाता है, इसलिए इसे डाइट से रोज लेना जरूरी है। NIH के मुताबिक, मछली, मीट, अंडे और डेयरी प्रोडक्ट्स जैसे कुछ फूड्स के अंदर यह प्राकृतिक रूप से मौजूद होता है। मार्केट में कुछ फोर्टिफाइड ब्रेकफास्ट सीरीयल्स और फोर्टिफाइड न्यूट्रिशनल यीस्ट भी उपलब्ध हैं, जो बी12 का लेवल बढ़ाने में मदद करते हैं। अगर विटामिन बी12 की गंभीर कमी है तो डॉक्टर सप्लीमेंट या दवाओं का सेवन करने की सलाह दे सकते हैं। कभी भी किसी सप्लीमेंट या दवा को डॉक्टर की सलाह के बिना लेने की गलती ना करें।

Comments