पहली बार में कैसे बनाएं स्वादिष्ट सूजी का हलवा? रसोई से मिली आसान रेसिपी, सही माप लेने से बनेगा परफेक्ट
अगर आप पहली बार में ही स्वादिष्ट हवला बनाना चाहते हैं तो सही माप का ध्यान रखना सबसे जरूरी होगा। यूट्यूब पर कबिता ने सूजी का हलवा बनाने का तरीका बताया है, उनकी रेसिपी आसान होने के साथ है उन लोगों के लिए परफेक्ट है जो पहली बार हलवा बना रहे हैं।

दरअसल हलवा बनाने में होने वाली गड़गड़ का समाधान लेकर मशहूर कुकिंग एक्सपर्ट कबिता सिंह आई हैं। उनकी रेसिपी बिगिनर्स के लिए बहुत काम की है, क्योंकि इसमें सही माप और तकनीक पर जोर दिया गया है। ताकि स्वाद परफेक्ट हो। तो चलिए उनकी रेसिपी को स्टेप बाय स्टेप जानते हैं।
सामग्री का सही अनुपात
- आधा कप सूजी
- आधा कप घी
- आधा कप चीनी
- मनपसंद ड्राई फ्रूट्स
- 3 गुना दूध या पानी, यानी डेढ़ कप
घी में सूजी की सही भुनाई
हलवे का स्वाद और रंग इस बात पर निर्भर करता है किसूजी को कैसे भूना गया है। सबसे पहले कड़ाही में घी गर्म करें और उसमें सूजी डालें। इसे मीडियम आंच पर लगातार चलाते हुए तब तक भूनें जब तक कि गोल्डन ब्राउन न हो जाए। ध्यान रहे, आंच तेज करने से सूजी जल सकती है और स्वाद कड़वा हो सकता है।
मीठे दूध या चाशनी की तैयारी
जब सूजी भून रही हो, उसी दौरान दूसरे चूल्हे पर दूध या पानी को गर्म करें। उबाल आने पर इसमें चीनी डाल दें और अच्छे से मिला दें ताकि चीनी पूरी तरह घुल जाए। कबिता बताती हैं कि आप चाहें तो दूध की जगह पानी का इस्तेमाल भी कर सकते हैं, लेकिन दूध हलवे को अधिक रिच और सॉफ्ट टेक्सचर देता है।
ड्राई फ्रूट्स और मिश्रण का मेल
जैसे ही सूजी गोल्डन ब्राउन हो जाए, उसमें अपनी पसंद के ड्राई फ्रूट्स जैसे कि काजू, बादाम, किशमिश डाल दें। सूजी के साथ भूनने से मेवे क्रिस्पी हो जाते हैं। अब सावधानी के साथ थोड़ा-थोड़ा करके चीनी वाला गर्म दूध सूजी में डालें। इस समय बहुत सावधानी बरतें क्योंकि गर्म सूजी और गर्म दूध के मिलने से छींटे पड़ सकते हैं।
फ्लेवर और एक्स्ट्रा फिनिशिंग
मिश्रण को अच्छी तरह मिलाएं और इसमें इलायची पाउडर डालें। अगर आप हलवे को शाही रंग और खुशबू देना चाहते हैं, तो इसमें केसर के दाने भी डाल सकते हैं। थोड़ी देर भूनने के बाद सूजी सारा दूध सोख लेगी और हलवा गाढ़ा होने लगेगा। अगर आपको हलवा ज्यादा सूखा लगे, तो ऊपर से एक चम्मच घी और डाल सकते हैं, जिससे इसमें बेहतरीन चमक आ जाएगी।
सूजी का हलवा बनाने की आसान रेसिपी
फाइनल टच देना
कबिता की रेसिपी का सबसे खास हिस्सा आखिरी स्टेप है। जब हलवा कड़ाही छोड़ने लगे, तो गैस धीमी कर दें और इसे ढककर 2 मिनट के लिए पका लें। भाप में पकने से सूजी के दाने पूरी तरह फूल जाते हैं और हलवा लंबे समय तक सॉफ्ट बना रहता है। दानेदार और मुंह में घुल जाने वाला सूजी का हलवा तैयार है।
Comments
Post a Comment